Saturday, 4 August 2018

गब्बर दिखा पुराने अंदाज में अंबाला छावनी सिविल हस्पताल में छापा मार 2 डाक्टर किये सस्पेंड ।

                   हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज आज एकबार फिर अपने पुराने अंदाज में नजर आए। राजनीति में गब्बर के नाम से मशहूर अनिल विज ने अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल में अचानक छापा मारकर अव्यवस्था पर हमला बोल दिया। जिसमें सिस्टम की कई खामियां उजागर हो गईं।  अस्पताल में डाक्टरों द्वारा बाहर की दवाइयां लिखे जाने की शिकायतें मिलने पर विज का गुस्सा शनि के प्रकोप सा साबित हुआ जिसके बाद स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने 2 डाक्टरों को सस्पेंड कर दिया। इसके अलावा विज ने 2 डाक्टरों को चार्जशीट करने के साथ साथ 3 डाक्टरों और एक स्टाफ नर्स से स्पष्टीकरण मांग लिया है। 

                           निरिक्षण के दौरान अनिल विज :



                   हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल में शनिवार को अचानक दबिश दे दी। विज की इस छापेमारी का मकसद बीमार व्यवस्था को ठीक करने का था जिसकी नब्ज टटोलने के लिए वो खुद अस्पताल में पहुंच गए। विज ने यहां एक बार नहीं बल्कि लगभग दो घण्टों में दो बार छापा मारकर हड़कंप मचा दिया। विज सबसे पहले ओपीडी में पहुंचे जहां उन्होंने मरीजों से बातचीत की। यहां पर कई मरीजों ने बाहर की दवाइयां लिखे जाने और कुछ स्टाफ कर्मियों द्वारा बदसलूकी करने के आरोप लगाए। विज ने इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए मरीजों के हेल्थ कार्ड अपने हाथों में ले लिए और उस पर बाहर की दवाइयां लिखी देखकर दंग रह गए। विज को अचानक अस्पताल में घूमते हुए देख अस्पताल में हड़कंप मच गया। जिसके बाद विज ने अस्पताल के एसएमओ को तलब किया और फिर पूरे अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विज ने मरीजों और उनके तीमारदारों से अस्पताल के सिस्टम का फीडबैक लिया। कई मरीजों की व्यथा सुनकर विज भी हैरान रह गए। अस्पताल में भर्ती डाइबटीज के एक मरीज ने बताया कि वो कई दिनों से अस्पताल में भर्ती है और कोई सुदबुद्ध लेने वाला भी नहीं है। मेल वार्ड में एक ही बेड पर दो दो मरीज पड़े हुए दिखाई दिए। यहां भर्ती एक मरीज की पत्नी ने बताया कि यहां कोई व्यवस्था नहीं है जिससे मरीजों में इंफेक्शन फैल सकता है। कोई सुनवाई करने वाला भी यहां नहीं है। अस्पताल में इलाज के लिए अपनी माँ को लेकर आई एक युवती ने अस्पताल के  सिस्टम की पोल खोल कर रख दी। युवती ने मंत्री को बताया कि यहां के स्टाफ को बोलने का बिल्कुल भी सलीका नहीं है। मरीज के टेस्ट दवाईयां बाहर से लाने को कहा गया है। साथ ही ऑपरेशन के 20 हजार रुपए भी मांगे गए हैं। यहां मरीजों की गीली चादर भी नहीं बदली जाती। आइए, आपको सुनाते हैं मरीजों और उनके तीमारदारों का दर्द।

                   मरीजों की व्यथा सुनकर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का गुस्सा अधिकारियों पर फूट पड़ा। विज ने तुरंत संज्ञान लेते हुए अस्पताल के 2 हड्डी रोग विशेषज्ञ डाक्टरों को सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए औऱ 2 डाक्टरों को चार्जशीट कर दिया। विज का गुस्सा यहीं नहीं थमा स्वास्थ्य विभाग की किरकिरी करवाने पर विज ने 3 डाक्टरों और 1 नर्स से स्पष्टीकरण काल कर लिया है। स्वास्थ्य विभाग के बीमार सिस्टम पर कार्रवाई का इंजेक्शन लगाने के बाद विज अस्पताल से वापिस लौट गए परन्तु अस्पताल के बाहर खड़े प्राइवेट एम्बुलेंसों के काफिले को देखकर 5 मिनट बाद ही वापिस लौट आये। अस्पताल में वापिस आकर विज ने सरकारी एम्बुलेंस का रिकॉर्ड चेक किया और सिस्टम को व्यवस्थित और सही तरीके से चलाने के आदेश दिए। कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। उम्मीद है मंत्री की छापेमारी और सख्त कार्रवाई से भरे हेवी डोज इंजेक्शन के बाद लापरवाह और बेपरवाह स्वास्थ्य कर्मियों को कुछ सबक जरूर मिलेगा।

                  डाक्टरों से संतोषजनक जवाब न मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने हड्डी रोग विभाग के चिकित्सक डॉ0 गौरव सिंगला, डा0 अश्वनी मुदगिल को निलम्बित करने के निर्देश दिए। इसी विभाग के डा0 विनोद कम्बोज को अंडर रूल 8 के तहत चार्जशीट किया गया है। इसके अलावा मनोरोग विशेषज्ञ डा0 कुलदीप, सामान्य रोग विभाग से डा0 रीता कठवाल और डा0 पूजा शर्मा व एमरजेंसी वार्ड में तैनात डा0 राजेश को स्पष्टीकरण देने के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा स्टाफ नर्स सुनीता का भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इन चिकित्सकों व स्टाफ नर्स का जवाब मिलने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने 2:15 बजे तक अधिकतर चिकित्सकों के अस्पताल छोड देने पर भी गहरी आपत्ति दर्ज की और एसएमओ डा0 सतीश गुप्ता से पूछताछ की कि ओपीडी में मरीज होने के बावजूद चिकित्सकों का जाना कहां तक जायज है।

No comments:

Post a Comment

अनिल विज के कार्यकर्ता सम्मेलन से दिखा विज का शक्ति प्रदर्शन , विपक्ष पर जमकर बरसे विज ।

                     अंबाला छावनी में कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने भारतीय जनता पार्टी के छावनी विधानसभा के कार्यकर्ताओ की मीटिंग ली। कार्य...