उत्तर पूर्व के राज्यों में भाजपा की जीत और चली हवा के बाद हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस समेत तमाम विरोधियों पर निशाना साधा है। विज ने जल्दी ही देश के कांग्रेस मुक्त हो जाने का दावा किया है। विज ने भाजपा और सरकार की उपलब्धियों का खूब बखान भी किया।
हरियाणा के खेल एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज उत्तर पूर्व में भाजपा की आंधी चलने के बाद काफी उत्साहित हैं। विज ने कांग्रेस समेत अपने तमाम विरोधियों पर निशाना लगाया है। अनिल विज ने कहा कि देश कांग्रेस से मुक्ति की ओर बढ़ रहा है। मोदी जी का कांग्रेस मुक्त भारत का सपना साकार होने जा रहा है। कांग्रेस के पास न नेता हैं न ही नीति है, न नीयत है। भारतीय जनता का परचम पूरा लहर रहा है। चुनावी परिणामों के बारे में राहुल गांधी पहले से जानते थे कि उनकी पार्टी की दुर्गति होने वाली है इसलिए वह इटली अपनी नानी के पास चले गए । जहां जहां राहुल गांधी जाते हैं वहां कांग्रेस का बंटाधार हो जाता है। हाल ही में नेहरू और जिन्ना पर आए जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अब्दुल्ला के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि पाकिस्तान को चाहे जिन्ना ने बनाया हो, चाहे नेहरू ने बनाया हो या फिर चाहे किसी और ने देश के विभाजन के लिए कांग्रेस ही जिम्मेदार है। विभाजन के दौरान 10 लाख लोगों का जो कत्लेआम हुआ उसके लिए भी कांग्रेस पार्टी इसकी दोषी है। सपा और बसपा पर चुटकी लेते हुए विज ने कहा कि आगे आगे देखिए ये क्या क्या करतब दिखाएंगे। इनकी गिनी चुनी सांसे बाकी रह गई हैं जो जल्दी ही उखड़ जाएंगी।
प्रदेश के विरोधियों पर भी स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने निशाना साधा। कल से शुरू होने वाली कांग्रेस पार्टी के प्रदेश मुखिया अशोक तंवर की साइकिल यात्रा पर विज ने चुटकी लेते हुए कहा कि तंवर की उनकी ही पार्टी में कोई पूछ नहीं है। उनके बुलाने पर विधायक मीटिंग नहीं आते। उनके समानांतर कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं। जिस व्यक्ति की अपनी ही पार्टी में कोई पूछ नहीं है उसे बाहर कौन पूछेगा। कल से शुरू हो रहे हरियाणा विधानसभा के सत्र में सरकार को घेरने का एलान करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर विज ने शायराना अंदाज में निशाना साधते हुए कहा कि ये बाजू हमारे आजमाए हुए हैं। इनके पल्ले कुछ नहीं है। हमारी सरकार के खिलाफ किसी के पास कुछ भी कहने को नहीं है। विपक्ष पूरी तरह से खाली है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला पर भी स्वास्थ्य मंत्री गर्म दिखाई दिए। विज ने कहा कि जिस आदमी को बातचीत करने की समझ नही रही हो उसकी बातों का क्या जवाब देना। रणदीप सुरजेवाला को न तो कुरान और न ही लेपटॉप का कोई ज्ञान है। विज ने हाल में लागू की गई प्रदेश की तबादला नीति को शानदार करार दिया है।

No comments:
Post a Comment