देश के लिए मेडल जीतकर पूरी दुनिया मे हरियाणा का नाम रौशन करने वाले खिलाड़ियों पर सरकार पूरी तरह से निहाल है। चाहे खिलाड़ियों को ईनाम राशि देने की बात हो या फिर उन्हें अच्छी सरकारी नौकरी देने की पेशकश। इसके लिए हरियाणा सरकार ने अपनी ओर से तैयारी पूरी कर ली है। किस पदक विजेता को किस पैमाने पर क्या नौकरी देनी है इसके लिए प्रदेश सरकार ने बाकायदा चार्ट तैयार कर लिया है। ये कहना है खेल मंत्री अनिल विज का। साथ ही विज ने स्वदेश आगमन पर खिलाड़ियों की रिसीविंग को लेकर उपजे विवाद पर भी विराम लगाने का प्रयास किया है।
खिलाड़ियों पर मेहरबान सरकार :
हरियाणा के खिलाड़ियों ने हर खेल में अपना लोहा मनवाया है। आस्ट्रेलिया में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद अब हरियाणा के खिलाड़ियों की तूती इंडोनेशिया में हो रहे एशयिशन गेम्स में भी खूब बोल रही है। इन पदक विजेता खिलाड़ियों पर हरियाणा सरकार भी खूब मेहरबान है और इनके सम्मान में सरकार ने इन्हें करोड़ों रुपयों नकद ईनाम राशि देने के साथ साथ HCS या HPS स्तर की उम्दा नौकरी देने का ऐलान कर दिया है। अंबाला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए खेल मंत्री अनिल विज ने कहा कि खिलाड़ियों को किस पैमाने पर कौन सी नौकरी दी जानी है इसके लिए बाकायदा चार्ट तैयार हो चुका है।जिसकी नोटिफिकेशन जल्दी ही विज्ञापन के माध्यम से जारी कर दी जाएगी। विज ने कहा कि यदि विनेश फौगाट HCS या HPS की जो नौकरी लेना चाहें उन्हें वो नौकरी सरकार की ओर से मुहैया करवा दी जाएगी।
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में चल रहे 18 वें एशियन गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों का खूब जलवा देखने को मिल रहा है। इन खिलाड़ियों को पुरस्कारों से नवाजने में हरियाणा सरकार ने भी कोर कसर नहीं छोड़ी है। परन्तु स्वदेश लौटने पर खिलाड़ियों के स्वागत के लिए किसी बड़े सरकारी अधिकारी या मंत्री के न पहुंचने पर विपक्ष सरकार पर हमलावर हो गया है। पहले स्वर्ण पदक विजेता पहलवान बजरंग पूनिया और अब महिला पहलवान विनेश फौगाट के भारत लौटने पर किसी भी बड़े सरकारी बाबू या मंत्री के न पहुंचने पर सरकार की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लग गया है। ऐसे में हरियाणा के खेल मंत्री अनिल विज ने इस मामले पर सरकार का रुख साफ किया है। विज ने कहा कि खिलाड़ी अपना कोई शेड्यूल बनाकर नहीं आते। ये अगर विभाग को सूचित कर दिया करें तो विभाग इनके स्वागत के लिए जरूर पहुंचेगा। इन्हें विभाग के साथ सम्पर्क रखना चाहिए।


No comments:
Post a Comment